हिरणपुर बाजार में खाद्य सुरक्षा टीम का औचक निरीक्षण
हिरणपुर : जिला खाद्य सुरक्षा टीम ने सोमवार को हिरणपुर बाजार स्थित किराना, मिठाई, नाश्ता, चाय एवं चिप्स की कई दुकानों का औचक निरीक्षण किया. टीम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी पाकुड़-2 राधिका कुमारी तथा खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी पाकुड़-1 अभिमन्यु कुमार शामिल थे. निरीक्षण के दौरान एक किराना दुकान में एक्सपायरी डेट का मैदा एवं काजू बरामद हुआ. टीम ने संबंधित दुकानदार को तत्काल उक्त सामग्री बिक्री से हटाने का निर्देश देते हुए कड़ी चेतावनी दी. निरीक्षण के दौरान मिठाई, समोसा, चाय एवं चिप्स की दुकानों का विजुअल इंस्पेक्शन भी किया गया. इस दौरान दुकानों की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी तिथि, खाद्य प्रतिष्ठानों के पंजीकरण/लाइसेंस तथा पैकेज्ड खाद्य पदार्थों पर आवश्यक लेबल की जांच की गई. कई दुकानों में मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थ खुले में रखे मिले, जिस पर टीम ने नाराजगी जताते हुए सभी दुकानदारों को खाद्य सामग्री ढककर रखने का निर्देश दिया. साथ ही एक्सपायरी खाद्य सामग्री का भंडारण या बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई. खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा. नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार का निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा.
रिपोर्टर : सुनील कुमार
No Previous Comments found.