चांदपुर नर्सिंग होम में नवजात की मौत, परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप
पाकुड़ : पाकुड़-धुलियान मुख्य सड़क स्थित चांदपुर नर्सिंग होम में नवजात की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। मंगलवार को परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि रातभर मरीज की हालत बिगड़ती रही, लेकिन सूचना देने के बावजूद डॉक्टर समय पर इलाज के लिए नहीं पहुंचे। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने नर्सिंग होम पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, पाकुड़ प्रखंड के इलामी गांव निवासी नर्गिस खातून का इलाज पहले सदर अस्पताल में चल रहा था। वहां से रेफर किए जाने के बाद परिजनों ने 21 नवंबर को उन्हें चांदपुर नर्सिंग होम में भर्ती कराया था।
परिजन नुरूल होदा ने बताया कि सदर अस्पताल में प्रसव के लिए ऑपरेशन की सलाह दी गई थी, लेकिन चांदपुर नर्सिंग होम में सामान्य प्रसव कराने की बात कही गई। रात में गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ने लगी। इस पर परिजनों ने डॉक्टर को बुलाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें सुबह 10 बजे आने की बात कही गई। परिजनों का आरोप है कि बाद में डॉक्टर को बुलाने पर 70 हजार रुपये की मांग की गई। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कहने के बावजूद रात में कोई चिकित्सक नहीं पहुंचा। सुबह ऑपरेशन कर बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।वहीं, नर्सिंग होम संचालक जैकुल शेख ने परिजनों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मरीज को सदर अस्पताल से रेफर किया गया था और परिजनों ने सामान्य प्रसव कराने की इच्छा जताई थी। उन्होंने दावा किया कि नवजात की मौत गर्भ में ही हो चुकी थी। इसके बाद ऑपरेशन कर बच्चे को बाहर निकाला गया।घटना की सूचना पर मुफस्सिल थाना के सहायक अवर निरीक्षक साधन कर्मकार पुलिस बल के साथ नर्सिंग होम पहुंचे। उन्होंने बताया कि नवजात की मौत की सूचना पर पुलिस जांच कर रही है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।इधर, सिविल सर्जन डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं मिली थी। उन्होंने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। जांच में चिकित्सकीय लापरवाही की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : पंकज भगत

No Previous Comments found.