पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र में अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पलामू : तरहसी थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत सेलारी में पुलिस प्रशासन ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना प्रभारी आनंद राम के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने शनिवार को विशेष अभियान चलाकर टोला सुखरो और ग्राम देल्हा में छापेमारी की। इस दौरान करीब 100 किलो जावा महुआ, अवैध शराब और शराब बनाने के उपकरण को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी आनंद राम को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध शराब बनाने का कार्य जोरों पर चल रहा है। सूचना के आधार पर तुरंत पुलिस बल के साथ छापेमारी की गई। पुलिस के पहुंचते ही अवैध शराब बनाने वाले लोग मौके से फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने वहां से भारी मात्रा में जावा महुआ, तैयार शराब और बनाने के बर्तन बरामद किए।
थाना प्रभारी आनंद राम ने बताया कि आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अवैध कारोबार में लिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना और लोगों को अवैध शराब के दुष्परिणामों से बचाना है।
स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि ऐसे अभियान से क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।
रिपोर्टर : सतेन्द्र

No Previous Comments found.