नववर्ष को लेकर तरहसी थाना क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान

पलामू : एसपी महोदया के निर्देशानुसार नववर्ष के अवसर पर शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से तरहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन एंटी क्राइम चेकिंग एवं ड्रंक एंड ड्राइव चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस विशेष अभियान का नेतृत्व तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम कर रहे हैं, जिनके साथ थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान सक्रिय रूप से शामिल हैं।

अभियान के तहत प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य सड़कों तथा संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर वाहन के कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, हेलमेट और सीट बेल्ट की जांच की जा रही है। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से जांच कर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी आनंद राम ने बताया कि नववर्ष के दौरान असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण, अपराध की रोकथाम तथा सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, वहीं आम लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।
पुलिस द्वारा लोगों से अपील की गई है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं, हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा वैध कागजात साथ रखें। अभियान के दौरान क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता से आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नववर्ष के दौरान इस प्रकार का सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बना रहे और किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

रिपोर्टर : सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.