धोनी स्टेडियम परसवां में PPL क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन, विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता रहे मुख्य अतिथि

पांकी : नववर्ष 2026 के उपलक्ष्य में धोनी स्टेडियम, परसवां में गांधी युवा क्रिकेट क्लब परसवां (PPL) के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य फाइनल मुकाबला 04 जनवरी को उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। यह टूर्नामेंट 21 दिसंबर से लगातार खेला जा रहा था, जिसमें क्षेत्र की कई मजबूत और प्रतिभावान टीमों ने भाग लिया। कई दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद फाइनल मैच में दर्शकों को उच्चस्तरीय क्रिकेट देखने को मिला। फाइनल मंचीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पांकी विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक माननीय कुशवाहा डॉ. शशिभूषण मेहता रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि भाजपा नेत्री डॉ. लवली गुप्ता उपस्थित रहीं। आयोजन समिति द्वारा अतिथियों का पारंपरिक रूप से फूल-माला एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता ने अपने संबोधन में कहा कि,
“ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के खेल आयोजन युवाओं को नशा, भटकाव और गलत रास्तों से दूर रखकर सकारात्मक दिशा देते हैं। खेल न केवल शारीरिक विकास करता है, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना भी विकसित करता है। सरकार और जनप्रतिनिधि हमेशा ऐसे आयोजनों के साथ खड़े रहेंगे, ताकि गांव के प्रतिभावान खिलाड़ी राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें।”
उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।
विशिष्ट अतिथि डॉ. लवली गुप्ता ने कहा कि,
“आज ग्रामीण क्षेत्र के युवा खेल के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, यह गर्व की बात है। ऐसे टूर्नामेंट बेटों के साथ-साथ बेटियों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करते हैं। खेल आत्मविश्वास बढ़ाता है और स्वस्थ समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है।”
उन्होंने आयोजकों को धन्यवाद देते हुए भविष्य में और बड़े स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित करने की अपील की।
गांधी युवा क्रिकेट क्लब परसवां (PPL) के अध्यक्ष प्रकाश मेहता, सचिव संदीप मेहता एवं कोषाध्यक्ष कौशल मेहता के नेतृत्व में टूर्नामेंट का सफल आयोजन किया गया। फाइनल मुकाबले में स्टार क्रिकेट क्लब मंझौली–2 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि मनातू की टीम उपविजेता रही। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अजहर को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन मंजीत मेहता ने किया। इस अवसर पर नीलांबर–पितांबरपुर मंडल अध्यक्ष प्रकाश मेहता, विधायक प्रतिनिधि सुनील कुशवाहा, हरिनंदन मेहता, अनुज मेहता, मनोज मेहता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। साथ ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण दर्शक, युवा खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे, जिनमें पूरे आयोजन को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और पुरस्कार प्रदान कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

रिपोर्टर : विक्रम यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.