उदयपुरा वन पंचायत में जमीन विवाद में चली गोली, अधेड़ जख्मी
पलामू : पलामू के तरहसी थाना क्षेत्र के उदयपुरा वन गांव में जमीन विवाद में गोली चल गयी। इस घटना में 50 वर्षीय प्रदीप सिंह नामक व्यक्ति गोली लगने से जख्मी हो गया, जिसका इलाज एमएमसीएच में चल रहा है। घटना सोमवार की रात की बताई जा रही है। इस संबंध में मंगलवार को जख्मी का फर्द बयान लिया गया एवं मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गयी। परिजनों के अनुसार जमीन में गोतिया परिवार के मिश्रटांड़ गांव निवासी चतुर्गुण सिंह ने प्रदीप सिंह पर गोली चलाई है। गोली चलाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गये। उनकी संख्या तीन थी। घायल प्रदीप सिंह को परिजन तरहसी स्वास्थ्य उपकेंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि इस बाबत अब तक तरहसी थाना में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। थाना प्रभारी आनंद कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, एमएमसीएच पुलिस चौकी में दोपहर के समय दिए गए जख्मी के फर्द बयान के अनुसार तीन-चार साल से गोतिया परिवार से जमीन विवाद चल रहा है। कई बार पंचायती एवं मारपीट भी हुई है। सोमवार रात में खाना खाकर बिना दरवाजा के घर में सोए हुए थे। करीब 11 बजे तरहसी थाना क्षेत्र के मिश्रटांड़ गांव के चतुर्गुण सिंह, विक्की कुमार एवं उदयपुरा वन निवासी विक्की कुमार सिंह पहुंचे एवं पिस्टल निकलते हुए सीधे फायर कर दिया जिससे उसकी कनपटी में गोली लगी।
रिपोर्टर : सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा

No Previous Comments found.