उपायुक्त ने जनता दरबार में सुनी आमजन की समस्याएँ, कई मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश

पलामू : पलामू जिला उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी समीरा एस की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के दूरदराज एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए आम नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक और प्रशासनिक समस्याओं को सीधे उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त द्वारा एक-एक फरियादी की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया और कई मामलों में मौके पर ही समाधान करते हुए शेष मामलों में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।

धान बिक्री का भुगतान नहीं मिलने की शिकायत

जनता दरबार में लेस्लीगंज प्रखंड के झरकटिया गांव से आए राहुल कुमार ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने 23 दिसंबर को लेस्लीगंज पैक्स में धान की बिक्री की थी, लेकिन अब तक उन्हें भुगतान नहीं किया गया है और न ही भुगतान की प्रक्रिया शुरू हुई है। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

दिव्यांग को ऑन स्पॉट मिला ट्राई साइकिल

जनता दरबार में पड़वा प्रखंड के गोलहना गांव से आए दिव्यांग अरुण कुमार ने चलने-फिरने में असुविधा बताते हुए ट्राई साइकिल की मांग रखी। उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए समाज कल्याण पदाधिकारी को तत्काल ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। निर्देश के तुरंत बाद अरुण कुमार को ऑन स्पॉट ट्राई साइकिल उपलब्ध करा दी गई, जिससे उनके चेहरे पर खुशी साफ झलकती नजर आई।
अन्य प्रमुख शिकायतें
इसके अलावा जनता दरबार में—
तबादले से संबंधित शिकायतें
आंगनबाड़ी सेविका चयन से जुड़े मामले
सरकारी सड़क पर अतिक्रमण
जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों के डीलरों से जुड़ी समस्याएँ
प्रधानमंत्री/अबुआ आवास योजना का लाभ
विद्यालय स्थानांतरण से संबंधित आवेदन
सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर आवेदन प्राप्त हुए।
15 दिनों में निष्पादन का निर्देश
उपायुक्त समीरा एस ने जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए 15 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता दरबार के माध्यम से आम नागरिकों को अपनी बात सीधे जिला प्रशासन तक रखने का अवसर मिला, जिससे प्रशासन और जनता के बीच विश्वास और संवाद मजबूत होता दिखा।

रिपोर्टर : विक्रम यादव

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.