तरहसी में प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन, 540 मरीजों ने कराया स्वास्थ्य जांच
तरहसी : पलामू जिले के तरहसी प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में दिनांक 8 नवंबर 2026 को प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन श्री सच्चिदानंद पांडे, विश्व सूत्री अध्यक्ष अनिल सिंह (सांसद प्रतिनिधि, तरहसी) एवं समाजसेवी शंभू प्रसाद द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आम जनता को सुलभ, सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना इस तरह के स्वास्थ्य मेलों का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं।
प्रखंड स्वास्थ्य मेले में सामान्य ओपीडी, दंत चिकित्सा परामर्श, मातृत्व स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड निर्माण सहित गर्भवती महिलाओं की जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही बीपी, शुगर सहित विभिन्न प्रकार की जांच सेवाएं भी नि:शुल्क प्रदान की गईं। मेले में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया।
इस प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेले में कुल 540 मरीजों ने अपना स्वास्थ्य जांच कराया और विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाया। मरीजों की संख्या को देखते हुए यह स्पष्ट है कि ग्रामीण जनता में इस तरह के आयोजनों के प्रति जागरूकता और विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. रवि प्रकाश, डॉ. नदीम सिद्दीकी, डॉ. अमित हेंब्रम, डॉ. प्रतिभा कुमारी, डॉ. इरशाद आलम एवं डॉ. राहुल राज ने अपनी सेवाएं दीं। वहीं बीपीएम राजकुमार सिंह, बीपीएम बी.एन. प्रेम कुमार गुप्ता एवं बीपीएम सोनू कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा
No Previous Comments found.