पलामू में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आए बाइक सवार, एक की मौत, दो गंभीर
पलामू : सतबरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत खामडीह गांव के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवकों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर कुलिया गांव से शादी का कार्ड बांटने जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक खामडीह गांव के पास पहुंची, विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत सतबरवा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया है। मृतक और घायल युवक कुलिया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह हादसा NHAI की लापरवाही के कारण हुआ। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान एक साइड का काम पूरा किए बिना दूसरी साइड पर काम शुरू कर दिया गया था। इसके अलावा सड़क पर हाईवे से जुड़ा कार्य अधूरा और अव्यवस्थित था, जिससे यह दुर्घटना हुई।
रिपोर्टर : बिक्रम यादव
No Previous Comments found.