शिक्षक इफतखार अहमद के सम्मान में भावभीनी विदाई समारोह आयोजित
पलामू : जिले के तरहसी प्रखंड अंतर्गत सेलारी पंचायत स्थित राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय देल्हा में सोमवार को शिक्षक इफतखार अहमद उर्फ मिठ्ठू सर के सेवा निवृत्ति के अवसर पर विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, प्रखंड के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इफतखार अहमद वर्ष 2011 से इस विद्यालय में अपनी सेवाएं दे रहे थे और लगभग 14 वर्षों तक शिक्षा के क्षेत्र में अहम योगदान दिया। वे 31 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त हुए। उनके कार्यकाल को विद्यालय के शैक्षणिक विकास, अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए याद किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक शंकर सिंह ने समारोह के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इफतखार अहमद न केवल एक कुशल शिक्षक थे, बल्कि विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक और अभिभावक की तरह रहे। उनकी कमी विद्यालय को लंबे समय तक खलेगी।
समारोह में तरहसी प्रखंड के दर्जनों शिक्षक एवं प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डी.डी.ओ अरुण प्रजापति, जिला सचिव राजीव रंजन सेलारी पंचायत के मुखिया जहांन आरा ,मनीष कुमार, देवेश कुमार सिंह, लालचंद कुशवाहा, वशिष्ठ प्रसाद, नरेंद्र पांडेय, संजय पांडेय, सहायक शिक्षक विक्रम कुमार मेहता सहित कई शिक्षकों ने अपने विचार रखे और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विदाई के दौरान छात्रों एवं ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। विद्यार्थियों ने भावुक होकर अपने प्रिय शिक्षक को स्मृति चिन्ह भेंट किया। ग्रामीणों ने भी उनके सरल स्वभाव और शिक्षा के प्रति समर्पण की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह विदाई समारोह शिक्षा और शिक्षक-छात्र संबंधों की भावनात्मक गहराई को दर्शाने वाला रहा।
रिपोर्टर : सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा


No Previous Comments found.