मनातू के झाटी जंगल में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई,लकड़ी लदा दो ट्रैक्टर जब्त
पलामू - मनातू वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से लकड़ी की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डुमरी पंचायत अंतर्गत ग्राम झाटी जंगल से लकड़ी लदा दो ट्रैक्टर को जब्त किया है। वन विभाग की इस कार्रवाई से लकड़ी तस्करों में हड़कंप मच हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि झाटी गांव क्षेत्र से अवैध रूप से जंगल की लकड़ी काटकर ट्रैक्टर के माध्यम से परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर मनातू वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दो ट्रैक्टर पर भारी मात्रा में लकड़ी लदी हुई पाई गई, जिसे तत्काल जप्त कर लिया गया। वन विभाग की टीम ने दोनों ट्रैक्टर को जब्त कर मनातू वन परिसर में खड़ा कराया है। इस मामले में झाटी गांव निवासी जटू सिंह और प्रमोद सिंह के खिलाफ वन अधिनियम के तहत प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई है। वन विभाग के फॉरेस्ट गार्ड राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि अवैध रूप से जंगल की लकड़ी काटना और उसका परिवहन करना कानूनन अपराध है, जिस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध लकड़ी कटाई पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग की इस कार्रवाई की सराहना की है और जंगलों की सुरक्षा के लिए ऐसे कदम को जरूरी बताया है। वन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध लकड़ी कटाई या परिवहन की सूचना मिले तो तुरंत विभाग को सूचित करें, ताकि जंगलों को सुरक्षित रखा जा सके।
रिपोर्टर - सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा


No Previous Comments found.