लहलहे शिवाला मंदिर गुम्बद निर्माण की रखी गई आधारशिला

पलामू - सदर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत लहलहे मलय नदी तट पर स्थित प्राचीन शिवाला मंदिर के गुम्बद निर्माण को लेकर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। मंदिर गुम्बद निर्माण की आधारशिला सनातनी धर्मरक्षक अर्जुन पाण्डेय उर्फ़ गुरु पाण्डेय द्वारा विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ रखी गई। बताया जाता है कि यह शिव मंदिर वर्षों से अर्धनिर्मित अवस्था में था। लहलहे गऊवाँ टोला निवासी आशुतोष तिवारी एवं उनके पिता रामनिवास तिवारी ने इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए मंदिर के निर्माण कार्य को पूर्ण कराने का संकल्प लिया और लगातार प्रयास करते हुए निर्माण कार्य को गति प्रदान की। उनके इस प्रयास से स्थानीय ग्रामीणों में भी उत्साह देखने को मिला।

इसी क्रम में पलामू जिले में सनातनी धर्मरक्षक के रूप में चर्चित अर्जुन पाण्डेय उर्फ़ गुरु पाण्डेय ने शिवाला मंदिर के गुम्बद निर्माण हेतु आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति और धार्मिक स्थलों का संरक्षण एवं विकास समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। मंदिर केवल पूजा का स्थान नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान का केंद्र होता है।

कार्यक्रम के दौरान उनके सहयोगी अखिलेश तिवारी ने भोगू गांव में भी अर्धनिर्मित मंदिर को पूर्ण कराने का संकल्प व्यक्त किया और शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की बात कही। आधारशिला कार्यक्रम के पश्चात लहलहे गांव के ग्रामीणों ने गुरु पाण्डेय को भगवान भास्कर सूर्य का मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण एवं सनातन धर्म प्रेमी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, श्रद्धा और सनातन संस्कृति की अनुपम झलक देखने को मिली। ग्रामीणों ने आशा जताई कि मंदिर का गुम्बद निर्माण पूर्ण होने के बाद यह स्थल क्षेत्र के धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

रिपोर्टर - बिक्रम यादव 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.