मेदिनीनगर: स्कूल वैन–ऑटो टक्कर के बाद बवाल, गुस्साई भीड़ ने स्कूल में की तोड़फोड़
मेदिनीनगर : प्रतिनिधि। चैनपुर थाना क्षेत्र के न्यू टाउनशिप पनेरीबांध में शुक्रवार सुबह एक निजी स्कूल Oxford Public School की वैन और ऑटो के बीच टक्कर हो गई, जिसमें एक अधेड़ व्यक्ति घायल हो गया। आरोप है कि हादसे के बाद स्कूल वैन चालक और अन्य ड्राइवरों ने चैनपुर थाना क्षेत्र के बुढ़ीबीर गांव निवासी ऑटो चालक मशूक अंसारी के साथ मारपीट की और उसे स्कूल परिसर तक ले आए। घटना की जानकारी मिलते ही बुढ़ीबीर गांव के लोग आक्रोशित होकर स्कूल गेट के सामने पहुंच गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान गेट पर तोड़फोड़ की गई।
सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ शांत होने को तैयार नहीं थी। बाद में जिला परिषद सदस्य प्रमोद सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और स्कूल प्रबंधन से वार्ता कर मामला शांत कराने की कोशिश की।
इसी बीच उग्र भीड़ ने हंगामा करते हुए बगल का गेट तोड़कर स्कूल परिसर में प्रवेश कर लिया और स्कूल बसों तथा भवन में तोड़फोड़ की। पुलिस ने बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया।
मामले की जानकारी मिलने पर स्कूल प्रबंधक सह पांकी विधायक Shashi Bhushan Mehta मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल के समुचित इलाज और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही सभी स्कूल बस चालकों को 40 किमी प्रति घंटा से अधिक गति नहीं चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को सभी बसों के पीछे शिकायत नंबर अंकित करने का निर्देश भी दिया और आम लोगों से अपील की कि यदि कोई स्कूल बस तेज गति से चलती दिखे तो शिकायत दर्ज कराएं, ताकि संबंधित चालक पर कार्रवाई की जा सके।
रिपोर्टर : बिक्रम


No Previous Comments found.