कसियाडीह में भीषण आगजनी: घर में रखा तेल समेत लाखों की सामग्री जलकर खाक, दो घायल

पलामू : पलामू जिले के   सतबरवा प्रखंड मुख्यालय क्षेत्र अंतर्गत कसियाडीह गांव में अचानक लगी भीषण आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। 

आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते घर में रखा तेल, जर्किन और अन्य सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। हालांकि स्थानीय लोगों की सूझबूझ से एक बड़ी अनहोनी टल गई और मौके पर मौजूद एक गाड़ी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घर में तेल का कारोबार किया जा रहा था। बताया जाता है कि संजय साव और मनीष कुमार द्वारा तेल का भंडारण किया गया था। जमीन के नीचे टंकी बनाकर तेल रखा जाता था और मोटर के माध्यम से उसे बाहर निकाला जा रहा था। इसी दौरान अचानक आग लग गई। आशंका है कि मोटर से तेल निकालने के क्रम में कोई तकनीकी गड़बड़ी या चिंगारी के कारण आग भड़की होगी।

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आग लगते ही तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। घर के अंदर रखे कई सौ लीटर तेल के कारण आग और तेजी से फैलती चली गई। आग की लपटें और धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था जिससे आसपास के लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए।

घटना के दौरान संजय साव और मनीष कुमार दोनों आग की चपेट में आकर झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल बाहर निकाला गया और इलाज के लिए तुम्बागड़ा स्थित नवजीवन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

इधर सूचना मिलते ही सतबरवा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। हालांकि आग का रूप इतना भयावह था कि दमकल वाहन के पहुंचने तक घर और उसमें रखी अधिकांश सामग्री पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते गाड़ी को वहां से नहीं हटाया जाता, तो आग और भी बड़ा रूप ले सकती थी और आसपास के कई घर इसकी चपेट में आ सकते थे।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आग लगने का वास्तविक कारण क्या था तथा तेल के भंडारण को लेकर नियमों का पालन किया गया था या नहीं।

. कसियाडीह में तेल निकालने के दौरान लगी आग

.घर में रखा तेल व अन्य सामान जलकर नष्ट

. दो लोग झुलसे, अस्पताल में इलाज जारी

. पुलिस व दमकल टीम ने संभाला मोर्चा

.आग लगने के कारणों की जांच जारी

रिपोर्टर : विक्रम यादव 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.