सतबरवा थाना परिसर में होली को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील
पलामू : जिले के सतबरवा थाना परिसर में होली पर्व के मद्देनजर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन करते हुए बीडीओ सह सीओ कृष्ण मुरारी तिर्की ने कहा कि होली एकता और भाईचारे का पर्व है। सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं को समझते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं।
उन्होंने कहा कि होली अनेकता में एकता का प्रतीक है। इस पर्व में लोग एक-दूसरे की मदद कर सामाजिक एकजुटता को मजबूत करते हैं। प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए विश्वनाथ कुमार राणा ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कहीं किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें। उन्होंने अपील की कि होली के दौरान किसी पर जबरदस्ती रंग, अबीर या कीचड़ न डालें और मर्यादित तरीके से पर्व मनाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि इस समय मुस्लिम समुदाय का पवित्र रमजान महीना चल रहा है। रोजा रखने वाले लोगों की भावनाओं का सम्मान करें और आपसी भाईचारे का परिचय दें। हाल के दिनों में बच्चा चोरी की अफवाहों को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने और ऐसी किसी भी सूचना की पुष्टि पुलिस से करने की सलाह दी गई।
एएसआई सुबोध कुमार सिंह ने कहा कि होली का त्योहार दोनों समुदायों को आपसी प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। यह पर्व हमें सही रास्ते पर चलने और सामाजिक समरसता बनाए रखने की प्रेरणा देता है।
बैठक में एसआई प्रदीप कुमार, संतोष साहू, बसंत महतो, राजीव रंजन, सुखसागर सिंह, विधायक व सांसद प्रतिनिधि प्रमोद यादव, मनीष कुमार, अजय उरांव, राणा प्रताप कुशवाहा, सत्येंद्र सोनी, सिकंदर मुइयां, मुखिया ब्रह्मदेव सिंह, जगदीश सिंह, जुबेर खान, पप्पू सिंह, मोहम्मद रब्बानी, मोहम्मद अकबर, सुनीता सिंह, भोला मेहता, आशीष सिंहा, आनंद सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
रिपोर्टर : बिक्रम यादव

No Previous Comments found.