पलामू में सड़क हादसा: SAP जवान मनोज पांडे की मौत, पुलिस लाइन में दी गई अंतिम सलामी

पलामू : Ranchi जिला में प्रतिनियुक्त विशेष सशस्त्र पुलिस (SAP) के जवान मनोज पांडे की बीती रात सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। वे पलामू जिले के बड़का गांव के निवासी थे और होली के अवसर पर छुट्टी में अपने घर आए हुए थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनोज पांडे अपने पैतृक गांव बड़का गांव में होलिका दहन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद डाल्टनगंज के श्रीराम पथ स्थित अपने आवास लौट रहे थे। इसी दौरान पोखरहा के पास हुए सड़क हादसे में उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही Palamu पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार को पुलिस लाइन में उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, जवानों एवं पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अंतिम सलामी कार्यक्रम में परिचारी प्रवर, पुलिस निरीक्षक सुरेश राम, शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, सूबेदार जुरेंद्र शोए, पुलिस मेंस एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विक्रांत दुबे, सचिव लालू उरांव सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस जवान उपस्थित थे। इसके अलावा रिटायर्ड आर्मी जवान बृजेश शुक्ला भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल हुए। अंतिम सलामी के उपरांत पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव बड़का गांव के लिए रवाना कर दिया गया। जवान की असामयिक मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस विभाग ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की है।

रिपोर्टर : बिक्रम 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.