नशे में धुत ड्राइवर की स्कॉर्पियो घर में घुसी, बुजुर्ग महिला की मौत
पलामू : जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के बिसुनपुरा गांव में शराब के नशे में एक ड्राइवर ने स्कॉर्पियो को घर में घुसा दिया। इस घटना में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि घर को भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो सवार लोग सतबरवा थाना क्षेत्र के रहने वाले थे और तरहसी इलाके की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर बिसुनपुरा गांव में सड़क किनारे स्थित एक कच्चे घर में घुस गया। हादसे के समय घर के अंदर मौजूद 70 वर्षीय पाचो कुंअर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम ने बताया कि स्कॉर्पियो के घर में घुसने से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई है। पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। वहीं स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया गया है।
बताया जाता है कि घटना के समय बुजुर्ग महिला घर के अंदर सो रही थीं। उनका घर कच्चा था, जिस कारण स्कॉर्पियो सीधे घर में घुस गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
रिपोर्टर : विक्रम यादव

No Previous Comments found.