उपायुक्त कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन
पलामू : पलामू के समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी समीरा एस की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।
जनता की शिकायतें सुनते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवेदनों की प्रति भेजते हुए 15 दिनों के भीतर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में अवैध एलपीसी निर्माण, भूमि सुधार उप समाहर्ता के आदेश के बावजूद उंटारी सीओ द्वारा कार्य नहीं करने, कब्जा हटाने, जमीन हड़पने के उद्देश्य से बुनियाद काटने, मारपीट व रंगदारी मांगने तथा अबुआ आवास की दूसरी किस्त का भुगतान नहीं होने समेत कई मामलों की शिकायतें सामने आईं।
उपायुक्त ने सभी मामलों की जांच कर नियमानुसार जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया और आवेदकों को शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस जनता दरबार में हैदरनगर, पांडू, सदर मेदिनीनगर, उंटारी रोड, छत्तरपुर, पांकी सहित अन्य क्षेत्रों से लोग अपनी समस्याओं के आवेदन लेकर पहुंचे। इसके अलावा भूमि विवाद, सार्वजनिक रास्ता अवरुद्ध करने, अयोग्य लाभुकों को पीएम आवास देने, दाखिल-खारिज, राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, आपूर्ति, कल्याण विभाग तथा सेविका चयन से संबंधित शिकायतें भी प्राप्त हुईं।
रिपोर्टर : विक्रम यादव
No Previous Comments found.