ग्रेफाइट माइंस का अवैध खनन जोरों पर, नियमों को ताक पर रखकर हो रहा उत्खनन
पलामू - सतबरवा प्रखंड अंतर्गत घुटवा पंचायत के ग्राम एकता में इन दिनों अवैध रूप से ग्रेफाइट माइंस का खनन जोरों पर हो रही है प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां पिछले कई महीनों से जेसीबी मशीन के माध्यम से बड़े पैमाने पर खुदाई कर ग्रेफाइट का उत्खनन किया जा रहा है। खुदाई के बाद ग्रेफाइट को वाहनों के माध्यम से लगातार बाहर भेजा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि इस पूरे कार्य में खनन से संबंधित कई नियमों को नजरअंदाज किया जा रहा है। बिना वैध अनुमति और बिना किसी स्पष्ट प्रक्रिया के खनिज संपदा का उत्खनन किया जाना सीधे तौर पर सरकारी संसाधनों को नुकसान पहुंचाने जैसा है। यदि यह खनन अवैध रूप से किया जा रहा है तो इससे सरकार को राजस्व की भारी क्षति होने की आशंका है।
सूत्रों के अनुसार जिस प्रकार से जेसीबी मशीन से बड़े पैमाने पर खुदाई की जा रही है, उससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि यहां से काफी मात्रा में ग्रेफाइट निकाला जा चुका है और उसका परिवहन भी लगातार जारी है। हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े स्तर पर खनन और परिवहन होने के बावजूद अब तक संबंधित विभाग या प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
इस मामले में कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। आखिर इतने बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध खनन में किन लोगों की भूमिका हो सकती है। यदि महीनों से यह गतिविधि चल रही है तो इसकी जानकारी संबंधित विभागों तक क्यों नहीं पहुंची या फिर इस पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
इसके अलावा एक बड़ा सवाल यह भी उठ रहा है कि यहां से निकाले जा रहे ग्रेफाइट को आखिर किस मार्ग से बाहर भेजा जा रहा है और यह खनिज किन कंपनियों या फैक्ट्रियों तक पहुंचाया जा रहा है। इस पूरे मामले में प्रशासन और खनन विभाग की भूमिका को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए जांच करता है और यदि अवैध खनन की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
रिपोर्टर - बिक्रम यादव

No Previous Comments found.