मेदिनीनगर के बैरिया चौक में एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट, चार लोग गंभीर रूप से घायल
मेदिनीनगर (पलामू): जिले के मेदिनीनगर स्थित बैरिया चौक के पास रविवार को एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि पलामू जिले के पांडू में एक गैस एजेंसी है, जिसके मालिक मेदिनीनगर के बैरिया में रहते हैं। घर में ही अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का डंप रखा गया था। इसी डंप में अचानक सिलेंडर ब्लास्ट हो गया, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
इस घटना में पांडू के रहने वाले धर्मेंद्र सिंह, मुकेश कुमार, विक्रम सिंह और आलोक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। साथ ही अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हुई है।
टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चार लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां गैस एजेंसी का डंप रखा गया था। फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है और पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
रिपोर्टर : विक्रम यादव

No Previous Comments found.