तरहसी भाजपा के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष गिरफ्तार, महिला से अवैध संबंध के शक में मर्डर केस में गए जेल

पलामू : भारतीय जनता पार्टी तरहसी मंडल के पूर्व उपाध्यक्ष बारा तरहसी निवासी 58 वर्षीय सुरेश राम को गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ महिला से अवैध संबंध के शक में सेवती के 70 वर्षीय राजेदव महतो की हत्या करने का मामला दर्ज किया गया था। गुप्त सूचना पर सोमवार शाम उनको गिरफ्तार किया गया। मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बता दें कि इस कांड में शामिल सेवती गांव के बच्चु महतो (55) और संतोष महतो (50) को रविवार को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेजा गया था। 

क्या है मामला 

दरअसल, 2 मार्च की सुबह कोलकटवा जंगल में डाक बंगला किनारे पदमा जाने वाली सड़क के पास से राजदेव महतो का शव मिला था। राजदेव 27 फरवरी को दामोदर महतो के बेटे के दशवीं भोज में गए थे। वहां से उन्हें बहला-फुसलाकर बच्चु महतो के भंडार घर ले जाया गया था। वहीं, कुल्हाड़ी से मारकर उनकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को खलिहान में पुआल से ढक दिया और खून के निशान मिटाने के लिए जमीन की मिट्टी भी बदल दी। 1 मार्च की रात, तीनों आरोपियों ने शव को एक खाट पर लादकर जंगल के रास्ते बंगला किनारे पदमा रोड के पास फेंक दिया, ताकि उन पर किसी को शक न हो। 

अनुसंधान के दौरान, सेवती गांव की देवन्ती देवी से पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी। देवन्ती ने बताया था कि तरहसी निवासी सुरेश राम और सेवती के संतोष महतो अक्सर उसके घर शराब पीने आते थे। राजदेव महतो को शक था कि देवन्ती देवी का इन दोनों के साथ अवैध संबंध है। इसी बात को लेकर वह उन्हें बदनाम करने और गांव में शोर मचाने की धमकी देता था। इसी विवाद और नाराजगी के कारण सुरेश राम, संतोष महतो और बच्चु महतो ने मिलकर राजदेव महतो की हत्या की योजना बनाई थी। 1 मार्च की रात,तीनों आरोपियों ने शव को एक खाट पर लादकर जंगल के रास्ते बंगला किनारे पदमा रोड के निकट कोलकटवा जंगल में फेंक दिया,ताकि उन पर किसी को शक न हो।

रिपोर्टर - सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.