दरबार में सुनी गईं लोगों की समस्याएं, डीपीआरओ सर ने पेश की मानवता की मिसाल
पलामू : जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस जनता दरबार की अध्यक्षता अपर समाहर्त्ता कुंदन कुमार ने की। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं दूरदराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे।
जनता दरबार के दौरान मुख्य रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामले सामने आए। इनमें जमीन पर अवैध कब्जा, दोहरी जमाबंदी, म्यूटेशन में देरी तथा दाखिल-खारिज से संबंधित समस्याएं प्रमुख रहीं। इसके अलावा कई फरियादियों ने सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने, पेंशन, राशन कार्ड तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों में हो रही अनियमितताओं की भी शिकायत की। अपर समाहर्त्ता ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कई मामलों में मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन का आश्वासन दिया गया।
इसी दौरान जनता दरबार में एक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया। एक फरियादी ने आवेदन देकर बताया कि उसे तत्काल A+ ब्लड की आवश्यकता है, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उसे कहीं भी रक्त उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
यह सुनते ही मौके पर मौजूद डीपीआरओ सर ने तुरंत पहल करते हुए फरियादी को आश्वस्त किया कि वह स्वयं रक्तदान करेंगे।
जनता दरबार समाप्त होने के बाद डीपीआरओ सर ने अपने वादे को निभाते हुए फरियादी को अपने साथ वाहन में बैठाकर सीधे ब्लड बैंक पहुंचाया और वहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर रक्तदान किया। उनके इस मानवीय पहल से न केवल फरियादी को राहत मिली, बल्कि वहां मौजूद लोगों के बीच भी एक सकारात्मक संदेश गया।
रक्तदान के बाद डीपीआरओ सर ने आमजनों से अपील करते हुए कहा, “रक्तदान महादान है। यह एक ऐसा कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है। सभी स्वस्थ व्यक्तियों को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।”
इस घटना ने यह साबित कर दिया कि प्रशासन केवल समस्याओं के समाधान तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर मानवीय संवेदनाओं के साथ लोगों की मदद के लिए भी तत्पर है। जनता दरबार में जहां एक ओर समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल हुई, वहीं दूसरी ओर मानवता और सेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल भी देखने को मिली।
रिपोर्टर : विक्रम यादव
No Previous Comments found.