तरहसी में अवैध बालू ढुलाई पर कार्रवाई, ग्रामीणों की सतर्कता से ट्रैक्टर जब्त

पलामू :  तरहसी थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन का मामला सामने आया है। बुधवार की रात लगभग 10 बजे ग्रामीणों की सतर्कता के कारण एक बालू लदा ट्रैक्टर पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर के माध्यम से रात के अंधेरे में अवैध रूप से बालू की ढुलाई की जा रही थी। ग्रामीणों ने संदिग्ध गतिविधि देख तुरंत एकजुट होकर ट्रैक्टर को रोक लिया। जांच के दौरान पाया गया कि ट्रैक्टर पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जिससे इसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, ट्रैक्टर John Deere कंपनी का बताया जा रहा है। घटना की सूचना तुरंत तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से ट्रैक्टर को जब्त कर थाना लाया गया। थाना प्रभारी आनंद राम ने बताया कि अवैध रूप से बालू ढो रहे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और मामले की जानकारी जिला खनन पदाधिकारी को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर : सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.