सेवती डाकबंगला का नाम बदला, कहलाएगा अंबेडकर चौक : आरका मुखिया

तरहसी :  पलामू जिले के तरहसी प्रखंड अंतर्गत आरका पंचायत के सेवती गांव में बुधवार को सेवती डाकबंगला का नाम बदलकर अंबेडकर चौक रखने की घोषणा की गई। इस अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता पंचायत के मुखिया बबन प्रसाद ने की। कार्यक्रम में पूर्व पंचायत समिति सदस्य शैलेंद्र सिंह, मुखिया प्रत्याशी बेलाश महतो सहित दर्जनों ग्रामीण और भीम आर्मी के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सामाजिक न्याय और समानता के प्रतीक डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान में स्थल पर उनका ध्वज फहराया और अंबेडकर चौक का नामकरण बोर्ड स्थापित किया। इस मौके पर मुखिया ने कहा कि यह नामकरण न केवल एक स्थान का बदलाव है, बल्कि समाज में समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता का प्रतीक भी है। अंबेडकर जी के विचार आज भी समाज को दिशा देते हैं और उनके नाम पर चौक का नामकरण युवाओं को प्रेरित करेगा। वहीं शैलेंद्र सिंह और बेलाश महतो ने भी कहा कि इस तरह के प्रयासों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और सामाजिक एकता को मजबूती मिलती है। कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों और भीम आर्मी के सदस्यों ने इस पहल का समर्थन किया और इसे ऐतिहासिक कदम बताया। सभी ने मिलकर अंबेडकर जी के विचारों को अपनाने और समाज में समानता स्थापित करने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर : सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.