तरहसी पुलिस प्रशासन ने बरामद किए सात मोबाइल, मालिकों को सौंपा
पलामू -जिले के तरहसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए पूर्व में गुम हुए सात मोबाइल फोन को बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिया। इस संबंध में आज दिनांक 03 मई 2026 को तरहसी थाना परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सभी मोबाइल धारकों को थाना में बुलाकर उनके मोबाइल सुपुर्द किए गए।
जानकारी के अनुसार, बीते कुछ महीनों में थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से मोबाइल गुम होने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और सतत प्रयास के माध्यम से सभी सात मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया। पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल धारकों के चेहरे पर खुशी साफ देखी गई।
थाना परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी आनंद राम ने सभी मोबाइल धारकों को उनके-उनके मोबाइल सौंपे। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपने मोबाइल और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर हमेशा सतर्क रहें। साथ ही किसी भी प्रकार की चोरी या गुमशुदगी की घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि मोबाइल खो जाने के बाद उन्हें वापस मिलने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन पुलिस के प्रयास से उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।
इस पूरे अभियान में तरहसी थाना पुलिस की सक्रियता और तत्परता की स्थानीय लोगों ने भी प्रशंसा की है। यह पहल न केवल पुलिस की कार्यकुशलता को दर्शाती है, बल्कि आम जनता के बीच विश्वास को भी मजबूत करती है।
सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा कि रिपोर्ट

No Previous Comments found.