गुरहा गांव में अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जब्त, पुलिस कर रही कार्रवाई
तरहसी : पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरहा पंचायत में रविवार को रात करीब 10 :00 बजे अवैध बालू परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त किया है। यह कार्रवाई तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी आनंद राम को सूचना प्राप्त हुई थी कि गुरहा गांव के रास्ते से अवैध रूप से बालू का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और तत्काल छापेमारी अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक ट्रैक्टर को रोककर जांच की गई, जिसमें अवैध रूप से बालू लदा पाया गया। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेते हुए थाना ले आई।
थाना प्रभारी आनंद राम ने बताया कि जिला खनन पदाधिकारी को सूचना दे दी गई अवैध खनन एवं बालू परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार अवैध कारोबार करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और किसी भी हालत में अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में संबंधित लोगों की पहचान कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू परिवहन का मामला सामने आता रहा है। पुलिस की सक्रियता से ऐसे कारोबारियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि कहीं भी अवैध खनन या परिवहन की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
रिपोर्टर : सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा


No Previous Comments found.