प्रखंड टॉपर निभा कुमारी को डब्लू राय ने किया सम्मानित, कहा– मेहनत से हर मुकाम संभव
पलामू : नीलांबर-पीतांबरपुर प्रखंड की मेधावी छात्रा निभा कुमारी को इंटर आर्ट्स परीक्षा में प्रखंड टॉपर एवं पलामू जिले में सातवां स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। पूर्व मुखिया प्रत्याशी सह समाजसेवी नवल किशोर राय उर्फ डब्लू राय ने छात्रा को गिफ्ट एवं मिठाई देकर सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सम्मान समारोह के दौरान डब्लू राय ने कहा कि निभा कुमारी ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे प्रखंड का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां अब शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नया मुकाम हासिल कर रही हैं, जो समाज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने अन्य छात्र-छात्राओं से भी निभा की सफलता से प्रेरणा लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की असली कुंजी है। निभा ने जिस प्रकार सीमित संसाधनों के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, वह आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
इस मौके पर निभा कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के समर्थन से ही यह उपलब्धि हासिल हो सकी है। आगे भी पूरी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई जारी रखते हुए जेपीएससी की तैयारी कर क्षेत्र एवं राज्य का नाम रोशन करना चाहती हैं।
गौरतलब है कि निभा कुमारी ने इंटर आर्ट्स परीक्षा में 441 अंक प्राप्त कर नीलांबर-पीतांबरपुर प्रखंड में प्रथम स्थान हासिल किया है। उनकी इस सफलता से गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों एवं अभिभावकों ने भी निभा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
रिपोर्टर : अवध किशोर राय

No Previous Comments found.