अमानत नदी किनारे अवैध बालू लोडिंग का भंडाफोड़, रात में छापेमारी कर पुलिस ने पकड़ी गाड़ियां
तरहसी : पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार दिनांक 11 मई 2026 की देर रात करीब 11:00 बजे तरहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मिसिर पतरा स्थित अमानत नदी के किनारे अवैध रूप से बालू की लोडिंग एवं परिवहन किया जा रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बालू लोडिंग में इस्तेमाल हो रही एक जेसीबी मशीन, एक टीपर गाड़ी तथा भागने की कोशिश कर रहे एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया। पुलिस की अचानक कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कुछ लोग मौके का फायदा उठाकर अंधेरे का लाभ लेते हुए फरार हो गए।
थाना प्रभारी आनंद राम ने बताया कि अमानत नदी के किनारे अवैध बालू उठाव और परिवहन की लगातार शिकायत मिल रही थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन और मशीन को जब्त किया। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी जिला खनन पदाधिकारी को दे दी गई है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार करने वालों में डर का माहौल देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अवैध खनन के कारण नदी और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है, जिस पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।
रिपोर्टर : सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा


No Previous Comments found.