तरहसी थाना परिसर में बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न
तरहसी : पलामू जिले के तरहसी थाना परिसर में आगामी बकरीद पर्व को लेकर शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को तरहसी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव कुमार ने की, जबकि संचालन थाना प्रभारी आनंद राम ने किया। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों तथा विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से पर्व के दौरान आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव कुमार ने कहा कि बकरीद का त्योहार शांति, सद्भाव और आपसी सहयोग का संदेश देता है, इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी तरह की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। थाना प्रभारी आनंद राम ने कहा कि त्योहार के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। पुलिस की नियमित गश्ती जारी रहेगी तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट साझा नहीं करने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
मौके पर उपस्थित आरका पंचायत के मुखिया बबन प्रसाद रविंद्र साव, इसनामुल अंसारी इमामुद्दीन अंसारी, अनिल सिंह,समाजसेवी गोपाल प्रसाद,न्यूम अनवर समाजसेवी मुकेश पासवान, बच्चन राम राहिल अंसारी, दर्जनों जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा

No Previous Comments found.