सनकी पिता ने बेटी को उतारा मौत के घाट, प्रेम प्रसंग के शक में टांगी से की हत्या
पलामू : पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। नीलांबर-पीतांबरपुर प्रखंड के लोहरा गांव में एक सनकी पिता ने अपनी ही 20 वर्षीय बेटी की टांगी से काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है, जबकि आरोपी पिता फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार लोहरा गांव निवासी अगस्त महतो को अपनी बेटी अंजनी कुमारी के प्रेम प्रसंग पर शक था। इसी शक में उसने रविवार रात करीब 9 बजे खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया। बताया जाता है कि अंजनी घर में अपने बिस्तर पर सो रही थी। तभी उसके पिता ने टांगी से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर वार के कारण अंजनी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। जिसने भी इस वारदात के बारे में सुना, वह सन्न रह गया।
सूचना मिलने पर लेस्लीगंज थाना पुलिस सोमवार सुबह मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
घटना के बाद आरोपी पिता अगस्त महतो घर छोड़कर फरार हो गया। थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
यह घटना एक बार फिर समाज के सामने बड़ा सवाल खड़ा करती है कि आखिर कब तक शक और संकीर्ण सोच के कारण बेटियां हिंसा का शिकार होती रहेंगी।
रिपोर्टर : अवध किशोर राय


No Previous Comments found.