तरहसी में जमीन विवाद गहराया, सरकारी नापी कराने की मांग
तरहसी पलामू : जिले के तरहसी अंचल अंतर्गत महरी मौजा के खाता संख्या 83, प्लॉट संख्या 1182, रकबा 22.5 डिसमिल जमीन को लेकर विवाद गहरा गया है। मामले में खाता संख्या 83 के हिस्सेदार सुधाकर पांडे, पिता बबन पांडे ने अंचल अधिकारी तरहसी को लिखित आवेदन देकर सरकारी नापी कराने की मांग की है। आवेदन ऑनलाइन भी कराया गया है। आवेदक ने बताया कि खाता संख्या 83 के चार हिस्सेदार हैं। इनमें से दो हिस्सेदार करीब पांच वर्ष पूर्व ही प्लॉट संख्या 1182 पर मकान बना चुके हैं। उनका कहना है कि रामदेनी पांडे, त्रिवेणी पांडे एवं जीरु राम का इस जमीन पर लगभग 200 वर्षों से कब्जा रहा है। वहीं वर्ष 1996 में 2 एकड़ 45 डिसमिल जमीन की रसीद कटी थी, जबकि बिक्री के बाद वर्ष 2023 में 2 एकड़ 24 डिसमिल जमीन की रसीद मौजूद है। सुधाकर पांडे ने आरोप लगाया कि हाल ही में पता चला कि उक्त प्लॉट खाता संख्या 82 के चुटुर राम के खतियान में दर्ज है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब वर्षों से कब्जा था और मकान भी बन चुका है, तो जमीन दूसरे खतियान में कैसे चली गई। उन्होंने अंचल अधिकारी से मांग की है कि सरकारी नापी कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए और यदि खतियान में त्रुटि है तो उसका निराकरण किया जाए।
वहीं दो हिस्सेदारों का कहना है कि समझौते के तहत जमीन बदले में दी जा सकती है, जबकि अन्य हिस्सेदार इसका विरोध कर रहे हैं। मामले को लेकर गांव में चर्चा तेज है।
रिपोर्टर : सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा


No Previous Comments found.