बिजली-पानी व्यवस्था पर मंत्री राधा कृष्ण किशोर सख्त, कहा- भीषण गर्मी में अनावश्यक पावर कट नहीं होगा बर्दाश्त
मेदिनीनगर : मंगलवार को राज्य के वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना एवं विकास तथा संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर की अध्यक्षता में जिले की विद्युत व्यवस्था एवं पेयजलापूर्ति को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, विद्युत विभाग एवं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के वरीय अभियंता, जीएम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि राज्य में सबसे अधिक गर्मी पलामू जिले में पड़ती है, ऐसे में आम लोगों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भीषण गर्मी के दौरान अनावश्यक बिजली कटौती किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विद्युत विभाग को पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा।
विद्युत विभाग के जीएम सह मुख्य अभियंता श्रवण कुमार ने बताया कि जिले में करीब 250 मेगावाट बिजली की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान में केवल 186 मेगावाट की आपूर्ति हो रही है। यानी जिले में 64 मेगावाट बिजली की कमी बनी हुई है। मंत्री ने पीक आवर में बिजली आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए गर्मी के दौरान बेहतर लोड मैनेजमेंट सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
छत्तरपुर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया कि वहां औद्योगिक इकाइयों को 12 मेगावाट और घरेलू उपभोक्ताओं को लगभग 5 मेगावाट बिजली दी जा रही है। इस पर मंत्री ने घरेलू उपभोक्ताओं की जरूरतों को प्राथमिकता देने और भविष्य की मांग को देखते हुए ट्रांसमिशन व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया।
बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की भी विस्तार से समीक्षा की गई। मंत्री ने जिले में संचालित चापाकलों, खराब पड़े चापाकलों और उनमें आई तकनीकी खराबियों की जानकारी लेते हुए मरम्मत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पेयजल संकट अधिक है, वहां प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाए।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भीषण गर्मी को देखते हुए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सार्वजनिक स्थलों, चौक-चौराहों, बाजारों और बस पड़ावों पर पेयजल उपलब्ध कराया जाए ताकि आम लोगों और राहगीरों को राहत मिल सके।
रिपोर्टर : विक्रम यादव

No Previous Comments found.