भीषण गर्मी में जलमीनार खराब, ग्रामीणों को दूर से ढोना पड़ रहा पानी

पलामू  : भीषण गर्मी के बीच पलामू जिले के तरहसी प्रखंड के ग्राम टिकुलिया में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। गांव में स्थापित जलमीनार लंबे समय से खराब पड़ी है, जिसके कारण ग्रामीणों को पीने और दैनिक उपयोग के लिए दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि जलमीनार की खराबी को लेकर संबंधित ठेकेदार को कई बार फोन कर सूचना दी गई, लेकिन अब तक मरम्मत की दिशा में कोई पहल नहीं की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद ठेकेदार समस्या के समाधान में रुचि नहीं दिखा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गांव की एक अन्य जलमीनार की पाइपलाइन टूट जाने के कारण लगातार सड़क पर पानी बह रहा है। इससे बड़ी मात्रा में पानी बर्बाद हो रहा है और सड़क भी क्षतिग्रस्त होने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करती है। गांव के लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने तथा खराब जलमीनार को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। मौके पर जितेंद्र कुमार साव, छोटू कुमार, धीरेन्द्र कुमार, नवल कुमार साव, राजन कुमार, प्रेम साव, गुलशन साव, शंभू साव एवं राजू साव सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।

रिपोर्टर : सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.