आसेहार PHC की बदहाली पर भड़कीं भाजपा नेत्री डॉ. लवली गुप्ता, बंद मिला स्वास्थ्य केंद्र।

पलामू :  पांकी प्रखंड के अति पिछड़े एवं ग्रामीण क्षेत्र आसेहार में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। लगातार सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं समाचार पत्रों में स्वास्थ्य केंद्र की अव्यवस्था की खबरें सामने आने तथा ग्रामीणों की शिकायतों के बाद भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. लवली गुप्ता ने आसेहार PHC पहुंचीं और अस्पताल की जमीनी हकीकत का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र बंद मिला, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई। डॉ. गुप्ता ने कहा कि स्थानीय लोगों द्वारा की गई शिकायतें पूरी तरह सही प्रतीत होती हैं। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से बने इस स्वास्थ्य केंद्र में यदि लोगों को इलाज ही नहीं मिल रहा है तो यह सरकार और स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि अस्पताल नियमित रूप से नहीं खुलता, चिकित्सकों की उपस्थिति नहीं रहती जिसके कारन आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं ठप हैं । इसके कारण मरीजों, गर्भवती महिलाओं एवं जरूरतमंद लोगों को इलाज के लिए पांकी और मेदिनीनगर (डाल्टनगंज) का चक्कर लगाना पड़ता है। कई बार आपात स्थिति में मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिलने से गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉ. लवली गुप्ता ने पांकी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. महेंद्र प्रसाद से दूरभाष पर बातचीत कर आसेहार PHC में नियमित चिकित्सकीय सेवाएं बहाल करने तथा डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की। इस पर चिकित्सा पदाधिकारी ने एक सप्ताह के भीतर सप्ताह में दो दिन चिकित्सक की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। डॉ. गुप्ता ने कहा कि आसेहार क्षेत्र गरीबी, पिछड़ेपन और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। ऐसे क्षेत्र में स्वास्थ्य केंद्र का बंद रहना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि सरकार यहां डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध नहीं करा सकती, तो फिर पांकी का सबसे बड़ा स्वास्थ्य भवन बनाकर उसे खंडहर बनने के लिए छोड़ देना जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं हुआ तो जनहित में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। वहीं ग्रामीणों ने भी अस्पताल में नियमित डॉक्टर, पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता एवं 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं बहाल करने की मांग उठाई। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर व्यवस्था चाहिए।

 रिपोर्टर : अमित 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.