तरहसी +2 उच्च विद्यालय में चला नशा मुक्ति अभियान, छात्रों को दिलाई गई शपथ

तरहसी : पलामू जिले के तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम के नेतृत्व में बुधवार को तरहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित +2 उच्च विद्यालय, तरहसी में नशा मुक्ति अभियान एवं अवैध अफीम खेती उन्मूलन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं के बीच नशे के दुष्प्रभावों तथा अवैध अफीम खेती से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूकता फैलाना था।

कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी आनंद राम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। नशे की लत युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर देती है तथा अपराध को बढ़ावा देती है। उन्होंने छात्रों से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को अवैध अफीम खेती से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं कानूनी दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अफीम की अवैध खेती कानूनन अपराध है और इसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है। विद्यार्थियों को एनडीपीएस (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस) अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों की भी जानकारी दी गई, ताकि वे कानून के प्रति जागरूक हो सकें।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं को नशामुक्त समाज के निर्माण तथा अवैध अफीम की खेती नहीं करने और न ही किसी को करने देने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में तरहसी थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सराहा और इसे समाजहित में महत्वपूर्ण पहल बताया।

रिपोर्टर : सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.