मुहर्रम पर लेस्लीगंज में निकले परंपरागत ताजिया जुलूस

लेस्लीगंज (पलामू) : मुहर्रम के अवसर पर लेस्लीगंज प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से परंपरागत ताजिया जुलूस पूरे धार्मिक आस्था और अनुशासन के साथ निकाले गए। मुस्लिम नगर, गांधी चौक, गोपालगंज, ढेला, कोट खास, पुरानी बाजार डबरा मुरुबार कठौंधा सहित अन्य मोहल्लों से निकले ताजिया जुलूस निर्धारित मार्गों से होते हुए पचंबा पहुंचे, जहां परंपरागत रस्में अदा की गईं।

मुहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरे प्रखंड में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती रही और प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए रहे।
इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचलाधिकारी जागो महतो, थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, एसआई विक्रमशील, एसआई राजू मांझी सहित दर्जनों प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी पूरे प्रखंड में सक्रिय रहे। अधिकारी विभिन्न जुलूसों के साथ चलकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे और आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।
प्रशासन की सतर्कता और आमजन के सहयोग से मुहर्रम का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ। अधिकारियों ने सभी समुदायों के लोगों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता ही क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत है।

रिपोर्टर : अवध किशोर राय

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.