दहेज का बकाया 70 हजार नहीं मिलने पर कसमार में नवविवाहित को पेट्रोल डालकर जलाया
तरहसी : पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के कसमार में दहेज का बकाया 70 हजार रुपए नहीं मिलने पर एक नवविवाहित को पेट्रोल डालकर जला दिया गया। कई दिनों तक रांची रिम्स में इलाज चलने के बाद शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। डेड बॉडी के साथ परिजन तरहसी थाना पहुंचे और पति पवन कुमार और ससुर महेंद्र राम के खिलाफ मामला दर्ज कराया। थाना प्रभारी आनंद राम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आवेदन मिला है। केस दर्ज कार्रवाई की जाएगी।
इधर, मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दोपहर 12.30 बजे डेड बॉडी का पोस्टमार्टम किया गया।
जानकारी के अनुसार चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चौनपुर गांव के रहने वाले बबलू राम ने अपनी 20 वर्षीया पुत्री नेहा कुमारी की शादी 25 नवंबर 2025 को पदमा सूर्य मंदिर में कसमार के पवन कुमार से की थी। शादी के समय डेढ़ लाख रुपए दहेज देने की बात कही गई थी। 80 हजार दिये गये थे। 70 हजार बकाया था।
शादी के बाद नेहा को दहेज के बकाया रुपए के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। नेहा की मां, पिता, मौसी समेत अन्य परिजनों का आरोप है कि 10 जून को पति एवं ससुर ने मिलकर पेट्रोल डालकर उसके शरीर में आग लगा दी। सूचना मिलने पर पिता बबलू नेहा का इलाज पहले मेदिनी नगर के निजी अस्पताल में कराया। स्थिति गंभीर होने पर रांची ले गए। वहां भी निजी अस्पताल में पहले इलाज किया गया। बाद में रांची रिम्स में भर्ती किया गया। 25 जून को इलाज के क्रम में रिम्स के डॉक्टर ने जवाब दे दिया और रोगी को घर ले जाने की सलाह दी। परिजन नेहा को वापस ला रहे थे कि 26 जून की सुबह 2 बजे रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजन डेड बॉडी लेकर सीधे तरहहसी थाना पहुंचे और मामला दर्ज कराया।
इस मामले में नेहा के पति पवन ने कहा कि पेट्रोल डालकर कौन आग लगाया, इसकी जानकारी उसे नहीं है। जलने की जानकारी मिलने पर बचाने गया था। इलाज भी करने में साथ रहा। आप बेबुनियाद और निराधार है।
रिपोर्टर : सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा
No Previous Comments found.