सोनपुरा में रात एक बजे बालू तस्करी पर शिकंजा, खनन विभाग को भेजी गई सूचना

पलामू : पलामू जिले के तरहसी प्रखंड में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बालू लदा ट्रैक्टर जब्त किया है। यह कार्रवाई मंगलवार, 30 जून 2026 की देर रात करीब 1:00 बजे तरहसी थाना क्षेत्र के सोनपुरा गांव में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। जानकारी के अनुसार, तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम को सूचना मिली थी कि सोनपुरा गांव के रास्ते अवैध रूप से बालू का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर बालू लदे ट्रैक्टर को पकड़ लिया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर थाना परिसर में सुरक्षित रखा है। थाना प्रभारी आनंद राम ने बताया कि अवैध खनन एवं बालू परिवहन पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी जिला खनन पदाधिकारी को दे दी गई है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई खनन विभाग के निर्देशानुसार की जाएगी। ट्रैक्टर के स्वामित्व और बालू के स्रोत की भी जांच की जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और बिना वैध अनुमति के खनिजों का परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में लगातार अभियान चलाकर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अवैध बालू परिवहन पर रोक लगाने से सरकारी राजस्व की चोरी रुकेगी और नदी क्षेत्रों में हो रहे अवैध खनन पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा।

रिपोर्टर :  सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.