दहेज के 70 हजार रुपये के लिए नवविवाहिता को जलाने का आरोप, ससुर गिरफ्तार

 पलामू - तरहसी जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के कसमार गांव में दहेज प्रताड़ना से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दहेज की बकाया राशि 70 हजार रुपये नहीं मिलने पर नवविवाहिता को पेट्रोल डालकर आग के हवाले करने का आरोप लगाया गया है। कई दिनों तक रांची रिम्स में इलाज के बाद युवती की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी महेंद्र राम (52), पिता स्व. द्वारिका राम, निवासी कसमार,थाना तरहसी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार,तरहसी थाना कांड संख्या 79/26, दिनांक 26 जून 2026 में बीएनएस की धारा 80(2) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतका नेहा कुमारी (20) चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चौनपुर गांव निवासी बबलू राम की पुत्री थी। उसकी शादी 25 नवंबर 2025 को पदमा सूर्य मंदिर में कसमार निवासी पवन कुमार के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी में डेढ़ लाख रुपये दहेज तय हुआ था, जिसमें 80 हजार रुपये दिए गए थे, जबकि 70 हजार रुपये बकाया थे।
मृतका के पिता, मां एवं अन्य परिजनों का आरोप है कि बकाया दहेज की मांग को लेकर नेहा को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि 10 जून को पति पवन कुमार और ससुर महेंद्र राम ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी नेहा का पहले मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल में इलाज कराया गया, बाद में रांची ले जाया गया। अंततः रिम्स में उपचार के दौरान उसकी हालत बिगड़ती गई और 26 जून की सुबह घर लौटने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मृतका के परिजन शव लेकर सीधे तरहसी थाना पहुंचे, जहां उनकी शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की आगे की जांच जारी है।

रिपोर्टर - सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.