लेस्लीगंज में बीज व खाद दुकानों का औचक निरीक्षण, अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी

 नीलांबर-पीतांबरपुर :- खरीफ मौसम को देखते हुए प्रखंड क्षेत्र के किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज एवं उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से  अंचलाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी जागो महतो एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी आलोक कुमार तिवारी ने प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न कृषि बीज एवं खाद दुकानों का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने धान, मक्का, दलहन सहित अन्य फसलों के प्रमाणित बीजों के साथ-साथ यूरिया, डीएपी, एनपीके एवं अन्य उर्वरकों की उपलब्धता, स्टॉक, मूल्य सूची, बिक्री पंजी, लाइसेंस तथा भंडारण व्यवस्था की गहन जांच की। दुकानदारों को निर्देश दिया गया कि किसानों को केवल प्रमाणित बीज एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद  उपलब्ध कराएं। साथ ही प्रत्येक बिक्री की रसीद देना, स्टॉक एवं बिक्री का नियमित अभिलेख संधारित करना तथा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत नहीं लेने का सख्त निर्देश दिया गया।अंचलाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी जागो महतो ने कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं एक्सपायरी बीज, नकली खाद, बिना लाइसेंस बिक्री या निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की शिकायत मिलती है तो संबंधित दुकानदार के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि बीज एवं खाद खरीदते समय रसीद अवश्य लें और किसी भी अनियमितता की सूचना तत्काल प्रखंड प्रशासन या कृषि विभाग को दें।प्रखंड कृषि पदाधिकारी आलोक कुमार तिवारी ने बताया कि खरीफ सीजन में किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज एवं उर्वरक उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और कृषि उत्पादन में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।

रिपोर्टर : अवध किशोर राय 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.