परिवार नियोजन से स्वस्थ समाज का निर्माण संभव : डॉ. रवि प्रसाद

तरहसी/पलामू : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरहसी में शनिवार को परिवार नियोजन पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नोडल पदाधिकारी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रवि प्रकाश एवं चिकित्सा पदाधिकारी, डॉ राजीव कुमार, BPM राहुल राज,BDM प्रेम गुप्ता, फार्मासिस्ट राजेंद्र कुमार, बिसूत्री अध्यक्ष सचिदानंद पांडेय सांसद प्रतिनिधि अनिल सिंह, मंडल अध्यक्ष परमेश्वर साहू, संतु राम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रवि प्रकाश ने कहा कि परिवार नियोजन स्वस्थ, समृद्ध और सशक्त समाज की आधारशिला है। छोटा परिवार अपनाने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा परिवार की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि पखवाड़ा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर योग्य दंपत्तियों को परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह अभियान 10 अगस्त तक चलेगा। इस अवधि में महिला बंध्याकरण एवं पुरुष नसबंदी पर विशेष जोर दिया जाएगा। तरहसी प्रखंड के लिए महिला बंध्याकरण का लक्ष्य 100 तथा पुरुष नसबंदी का लक्ष्य 05 निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा विभिन्न परिवार नियोजन साधनों के लिए भी लक्ष्य तय किए गए हैं। इनमें पीपीआईयूसीडी, आईयूसीडी अंतरा इंजेक्शन, छाया टैबलेट ओसीपी, ईसीपी तथा कंडोम वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन सभी सेवाओं एवं साधनों की सुविधा योग्य लाभुकों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। डॉ. रवि प्रकाश ने सभी एएनएम, जीएनएम एवं सहिया बहनों को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर योग्य दंपत्तियों की पहचान करें, उन्हें परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करें तथा अस्पताल में उपलब्ध निःशुल्क सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।

रिपोर्टर : सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.