हूरलौंग में भवन व सरना चारदीवारी निर्माण का हुआ शिलान्यास
पलामू : पांकी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पांकी प्रखंड के हूरलौंग गांव में कल्याण विभाग की महत्वाकांक्षी योजना के तहत धूमकुडि या भवन एवं सरना स्थल की चारदीवारी निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में विधायक की अनुपस्थिति में उनके जिला प्रतिनिधि प्रकाश मेहता ने वैदिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना, नारियल फोड़कर, फीता काटकर तथा उपस्थित लोगों के बीच लड्डू वितरित कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर प्रकाश मेहता ने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और धार्मिक आस्था के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। धूमकुरिया भवन एवं सरना स्थल की चारदीवारी का निर्माण स्थानीय समुदाय के लिए महत्वपूर्ण सौगात है, जिससे सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में जसवंत कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मौके पर गोपाल यादव, भोला उरांव, प्रेम उरांव, अवधेश यादव, मामिता कुजूर, विनय उरांव, बेलास उरांव तथा रामलाल उरांव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने योजना के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास और आदिवासी समाज की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
रिपोर्टर : अमित शर्मा
No Previous Comments found.