सत्येंद्र महतो की मौत पर सांसद का दौरा,आर्थिक सहयोग के साथ सरकारी सहायता का दिलाया भरोसा

तरहसी (पलामू) : पलामू जिले के तरहसी प्रखंड अंतर्गत मंझौली-2 पंचायत के परसावां गांव में बिजली करंट की चपेट में आने से हुई सत्येंद्र महतो की मौत के बाद शनिवार को चतरा सांसद कालीचरण सिंह पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और परिवार के सदस्यों का दुख-दर्द सुना।

पीड़ित परिवार ने सांसद को घटना से जुड़ी सभी परिस्थितियों से अवगत कराया तथा न्याय और सरकारी सहायता की मांग रखी। सांसद कालीचरण सिंह ने परिवार को भरोसा दिलाते हुए कहा कि बिजली विभाग की ओर से घोषित ₹5 लाख की सरकारी मुआवजा राशि हर हाल में पीड़ित परिवार को दिलाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
सांसद ने कहा कि इस दुख की घड़ी में वे पूरी संवेदना के साथ परिवार के साथ खड़े हैं और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने अपने स्तर से भी पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग प्रदान किया तथा स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश देने की बात कही।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, सांसद प्रतिनिधि अनिल सिंह, तरहसी मंडल अध्यक्ष परमेश्वर साहू, शंभू राम, शंभू प्रसाद, करण शर्मा, उज्ज्वल पाण्डेय सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए शीघ्र मुआवजा और न्याय दिलाने की मांग की। सांसद के आश्वासन से परिजनों ने उम्मीद जताई कि उन्हें जल्द सरकारी सहायता मिलेगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई होगी।

रिपोर्टर : सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.