मनातू में सर्पदंश से मासूम की मौत, पोस्टमार्टम कराने से परिजनों का इनकार
पलामू : पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र अंतर्गत पदमा पंचायत के तेतरडीह गांव में जहरीले सांप के डसने से एक मासूम की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है। इस घटना के बाद पुलिस एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मृत बच्चे का पोस्टमार्टम कराने के लिए परिजनों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिवार नहीं माना और बिना पोस्टमार्टम कराए शव का दफन कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र भुइयां के दो पुत्र 10 वर्षीय प्रतीक कुमार और 6 वर्षीय प्रमित कुमार मंगलवार की रात बारिश से बचने के लिए घर के पास बने बकरी शेड में सो रहे थे। देर रात एक करैत सांप शेड में घुस आया और दोनों भाइयों को डंस लिया। बच्चों की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो शेड में सांप भी दिखाई दिया। आनन-फानन में दोनों बच्चों को इलाज के लिए पहले एमएमसीएच ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए सतबरवा स्थित नवजीवन अस्पताल, तुंबागड़ा रेफर किया गया। इलाज के दौरान छोटे भाई प्रमित कुमार की मौत हो गई, जबकि बड़े भाई प्रतीक कुमार का इलाज जारी है। पुलिस टीम और स्थानीय जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार के घर पहुंचे तथा करीब 10 बजे तक परिजनों को पोस्टमार्टम कराने के लिए समझाते रहे, लेकिन परिवार अपनी बात पर अड़ा रहा। अंततः मृत बच्चे के शव को बिना पोस्टमार्टम कराए दफना दिया गया।
इधर, पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं भाजपा महिला मोर्चा झारखंड की प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य पांकी लवली गुप्ता ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में सर्पदंश की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने, बच्चों को जमीन पर नहीं सुलाने तथा सर्पदंश की स्थिति में तत्काल अस्पताल पहुंचने की अपील की। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया। गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग भी लगातार लोगों को बरसात के दौरान जमीन पर नहीं सोने और सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक के बजाय तत्काल चिकित्सकीय उपचार कराने की सलाह दे रहा है।
रिपोर्टर : सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा
No Previous Comments found.