तरहसी प्रखंड सभागार में BV-G RAM G के तहत 125 दिनों के रोजगार और गांवों के विकास की दी गई जानकारी

तरहसी : पलामू जिले के तरहसी प्रखंड सभागार में बुधवार को BV-G RAM G (विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन) को लेकर प्रखंड स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी हरिश्चंद्र मुंडा ने की। कार्यशाला का शुभारंभ बीडीओ हरिश्चंद्र मुंडा सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यशाला में टरिया पंचायत के मुखिया दीपक पासवान, गुरहा पंचायत की मुखिया सब्बा फिरदोस खान, सरिता देवी, जहान आरा, बबन प्रसाद एवं प्रवीण कुमार पांडेय सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान ट्रेनर जेई पवन गंगा, बीपीओ दीपक कुमार एवं एई योगेंद्र मंडल ने उपस्थित सभी मुखिया, पंचायत सचिव एवं रोजगार सेवकों को BV-G RAM G के उद्देश्य और कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षकों ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ गांवों को विकसित और आत्मनिर्भर बनाना है। इसके तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया। कार्यशाला में ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित होने वाली विभिन्न विकास योजनाओं, रोजगार सृजन, पंचायत स्तर पर योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन तथा कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने से संबंधित जानकारी भी दी गई।
बीडीओ हरिश्चंद्र मुंडा ने कहा कि योजनाओं का लाभ सही जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना और गांवों में विकास कार्यों को गति देना सभी संबंधित कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यशाला में मिली जानकारी को पंचायत स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।
मौके पर आलोक प्रसाद, विश्वनाथ प्रजापति, नागेंद्र पासवान, ललन पासवान, अविनाश कुमार, पप्पू कुमार सहित जेई एवं दर्जनों अधिकारी-कर्मी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.