15 अगस्त को PNB शाखा में झंडोत्तोलन नहीं, हजारीबाग जाने की दलील

तरहसी , मनातू :  देश जब 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा था और सरकारी कार्यालयों से लेकर सार्वजनिक संस्थानों तक तिरंगा शान से लहरा रहा था, उसी दौरान मनातू स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में झंडोत्तोलन नहीं होने का मामला सामने आया है। बैंक जैसी सार्वजनिक संस्था में राष्ट्रीय पर्व के दिन तिरंगा नहीं फहराए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी के साथ-साथ कई सवाल भी उठ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस पर बैंक परिसर में झंडोत्तोलन कराने के संबंध में बैंक प्रबंधन को पत्र भी दिया गया था। इसके बावजूद 15 अगस्त को शाखा परिसर में राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया गया। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब झंडोत्तोलन के लिए पहले से सूचना और पत्र दिया गया था, तो इसकी व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
मामले पर PNB मनातू शाखा के शाखा प्रबंधक अमित कुमार ने सफाई देते हुए बताया कि इस वर्ष कुछ परिस्थितियां ऐसी बन गईं, जिसके कारण झंडोत्तोलन नहीं हो सका। उनके अनुसार, पंजाब नेशनल बैंक के सर्किल हेड की ओर से हजारीबाग में आयोजित कार्यक्रम के लिए आमंत्रण मिला था। इसी कारण वे हजारीबाग चले गए और मनातू शाखा में झंडोत्तोलन नहीं हो पाया।
शाखा प्रबंधक का यह जवाब अब चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शाखा प्रबंधक को किसी अन्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जाना था, तो क्या बैंक की स्थानीय शाखा में झंडोत्तोलन के लिए किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी को जिम्मेदारी नहीं दी जा सकती थी?
जवाब से बड़ा सवाल—क्या व्यवस्था की जिम्मेदारी तय होगी?
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस कोई सामान्य कार्य दिवस नहीं, बल्कि देश का राष्ट्रीय पर्व है। ऐसे दिन बैंक शाखा में राष्ट्रीय ध्वज फहराने की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जानी चाहिए थी।
लोगों का कहना है कि शाखा प्रबंधक का हजारीबाग जाना अपनी जगह हो सकता है, लेकिन इससे मनातू शाखा में झंडोत्तोलन की जिम्मेदारी समाप्त नहीं हो जाती। यदि शाखा प्रबंधक की अनुपस्थिति के कारण झंडोत्तोलन नहीं हुआ, तो यह भी जांच का विषय है कि शाखा स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई। स्थानीय लोगों ने पंजाब नेशनल बैंक के संबंधित उच्चाधिकारियों से मामले की जांच कराने, यह स्पष्ट करने कि झंडोत्तोलन के लिए किसे जिम्मेदारी दी गई थी और जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि क्या PNB के उच्चाधिकारी इस मामले की जांच कराएंगे या राष्ट्रीय पर्व पर शाखा में तिरंगा नहीं फहराए जाने का मामला शाखा प्रबंधक की सफाई तक ही सीमित रह जाएगा?

रिपोर्टर : सतेन्द्र 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.