जर्जर सड़क के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों की बढ़ी मुश्किलें, बस सेवा भी हुई बंद
पलामू - ग्राम कौड़ियां,पोस्ट घरटिया,थाना बिश्रामपुर क्षेत्र में सड़क की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार कौड़ियां गांव में आज तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। बरसात के मौसम में करीब दो किलोमीटर सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और कीचड़ जमा होने के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है।
सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। इसी रास्ते से होकर बड़ी संख्या में बच्चे स्कूल जाते हैं। सड़क पर कीचड़ और पानी के कारण बच्चे अपने जूते-चप्पल हाथ में लेकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों के अनुसार पहले इस मार्ग से दो स्कूल वाहन भी चलते थे, लेकिन सड़क की खराब स्थिति के कारण उनका परिचालन बंद हो गया है। अब विद्यार्थियों को करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर मुख्य सड़क तक जाना पड़ता है, जहां से उन्हें वाहन मिल पाता है। ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क जमारी-सोहदाग से कौड़ियां होते हुए पांडु और बिश्रामपुर को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क है। इसी मार्ग से बसों का भी परिचालन होता था। सड़क की बदहाली और वाहनों के फंसने के कारण जमारी से गढ़वा जाने वाली बस सेवा भी बंद हो गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने तथा स्थायी रूप से पक्की सड़क का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बच्चों की पढ़ाई और ग्रामीणों का आवागमन सुचारू हो सके।
रिपोर्टर - सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा
No Previous Comments found.