कानून, महिला-बाल सुरक्षा व साइबर अपराध को लेकर छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

तरहसी - पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बेदानीखुर्द में सोमवार, 24 अगस्त 2026 को थाना प्रभारी राजेश रंजन कुमार के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी गई। थाना प्रभारी राजेश रंजन कुमार ने विद्यार्थियों को कानून के महत्व,अपराध की रोकथाम तथा पुलिस की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को अपने अधिकारों एवं कानून के प्रति जागरूक होना जरूरी है। जागरूकता के माध्यम से विद्यार्थी स्वयं सुरक्षित रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी कानून के प्रति जागरूक कर सकते हैं। कार्यक्रम में महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में घबराने के बजाय उचित माध्यम से पुलिस और जिम्मेदार लोगों को सूचना देने की बात कही गई। इसके अलावा साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी विद्यार्थियों को सावधान किया गया। अनजान लिंक, संदिग्ध संदेश और ऑनलाइन ठगी से संबंधित मामलों में सतर्क रहने तथा अपनी निजी जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के बीच प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। छात्र-छात्राओं ने कानून, अपराध, साइबर सुरक्षा और पुलिस की भूमिका से जुड़े प्रश्नों के उत्तर दिए तथा अपनी जिज्ञासाओं को थाना प्रभारी के समक्ष रखा। थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए उन्हें कानून का पालन करने और सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम से विद्यार्थियों में कानून एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी।

रिपोर्टर - सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.