मृतक आशीष के परिजनों को न्याय नहीं मिला तो होगा उग्र आंदोलन : ICL जिलाध्यक्ष प्रिंस पांडेय

तरहसी - पलामू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, तरहसी में इलाज के दौरान पलंबर मिस्त्री आशीष कुमार की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना को लेकर आईसीएल के जिलाध्यक्ष प्रिंस पांडेय ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा एवं परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है। प्रिंस पांडेय ने कहा कि रविवार को पतरा निवासी आशीष कुमार को गंभीर हालत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तरहसी लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया। आरोप है कि अस्पताल में पांच-पांच ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध रहने के बाद भी नही लगाया गया था और मरीज को ले जा रही एंबुलेंस में रास्ते में ही तेल खत्म हो गया। समय पर इलाज और आवश्यक चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण आशीष कुमार की मौत हो गई।

उन्होंने कहा कि यदि आशीष को समय पर ऑक्सीजन और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो जाती तथा एंबुलेंस समय पर अस्पताल पहुंचती, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का मामला नहीं है, बल्कि तरहसी क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। आखिर क्षेत्र की जनता कब तक ऐसी बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था से जूझती रहेगी? प्रिंस पांडेय ने प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए तथा मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और आशीष कुमार के परिवार को न्याय नहीं मिला, तो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, तरहसी के समक्ष उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन में पांकी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं कांग्रेस पार्टी के प्रदेश कोऑर्डिनेटर रुद्र शुक्ला भी शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि तरहसी की जनता को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा मृतक के परिवार को न्याय दिलाना है।

रिपोर्टर - सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.