सरकारी चावल मामले में तीन पर एफआईआर
नीलांबर-पीतांबरपुर : सरकारी चावल से जुड़े मामले में लेस्लीगंज थाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी नारायण महतो के आवेदन पर अजमल अंसारी, पिता अजीजुल मियां एवं ओमप्रकाश सोनु, दोनों ग्राम रामसागर, तथा मोनाजरूल अंसारी, पिता रउफ अंसारी, ग्राम झरहा को आरोपी बनाया गया है।
बताया गया है कि प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान एक गोदाम को सील किया गया था। आरोप है कि सील किए जाने के बाद रात में गोदाम खोला गया। इस दौरान सरकारी रेपर हटाकर चावल की बोरियां बदलने तथा मामले से जुड़े साक्ष्यों को प्रभावित करने का प्रयास किया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।
लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी के आवेदन के आधार पर तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2)/238A बीएनएस एवं धारा 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत मामला दर्ज किया है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस गोदाम खोलने, चावल की बोरियां बदले जाने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ के आरोपों से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है।
रिपोर्टर : अवध किशोर राय
No Previous Comments found.